सुलतानपुर , अक्टूबर 07 -- श्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के प्रशासनिक एवं लोकसेवा कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को तिकोनिया पार्क में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की। इसके बाद शहर में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों, बाजारो से होकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में संपन्न हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई सोच, नई दिशा और नई गति मिली है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प साकार हो रहा है। आज दुनिया भारत के सामर्थ्य और नेतृत्व की चर्चा कर रही है। 35 से अधिक देशों द्वारा प्रधानमंत्री को सर्वोच्च सम्मानों से सम्मानित किया जाना भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ,सबका विकास और सुशासन को शासन का आधार बनाया है। स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ देश चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सरकार की योजनाओं ने गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत अब बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल करने की क्षमता रखता है।

आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन सुना। इसके बाद वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित