सुलतानपुर , अक्टूबर 9 -- उत्तर-प्रदेश के सुलतानपुर जिले में ऐतिहासिक एवं अनूठी दुर्गापूजा महोत्सव के समापन एवं मूर्ति विसर्जन पर जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने पहले से घोषित 26 अक्टूबर को स्थानीय अवकाश को निरस्त करते हुए 27 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। जिससे 27 अक्टूबर को जिले के स्कूल, कॉलेज और सरकारी गैर सरकारी संस्थान बंद रहेगे।

ज्ञातव्य है कि जिले की ऐतिहासिक और अनूठी दुर्गापूजा महोत्सव का समापन देश भर की परंपराओं से अलग होता है। यहां पूर्णिमा को विसर्जन शोभायात्रा का शुभारंभ होता है जिसमें नगरीय क्षेत्र की 200 से अधिक दुर्गा प्रतिमाएं शहर के चौक में अपना क्रम नम्बर लेकर शोभायात्रा के साथ करीब 36 घंटे बाद सीताकुंड घाट पहुंचती है। इस कारण अगले 27 को भी दिन और देर रात तो दुर्गापूजा की धूम रहेगी तथा मूर्ति और भीड़ से शहर पूरी तरह ब्लॉक रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित