सुलतानपुर , नवंबर 10 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में अजय कुमार (25) की मौत हो गई और करीब 11 लोग घायल हुए है। ट्रॉली में 20 से 22 लोग सवार थे। वे दिल्ली से बिहार के सहरसा में दीपावली और छठ मनाने जा रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुलतानपुर जिले में कूरेभार थाना क्षेत्र के पास एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 118.6 से 119 के बीच हुआ।ट्रैक्टर अपनी साइड से जा रहा था। पीछे से आए डंपर ने पहले कट मारा और ट्रॉली को टक्कर मार दी। ट्रॉली पलटने के बाद डंपर ने ट्रैक्टर के इंजन को भी टक्कर मारी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। तहसीलदार अभिनव सिंह, जिला अस्पताल के सीएमएस अविनाश गुप्ता और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अजय कुमार का शव कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाए गए घायलों में नवीन कुमार (18), राजीव कुमार (22), शिवम पवन (33), सिद्धार्थ (1), बादल (16), रविंद्र (26), सुशील (32), बालकृष्ण (36), दिलकुश (22), मिथिलेश (36), सदन (18), सुप्रिया पत्नी अमर नाथ, मीनाक्षी पुत्री मिथिलेश, मंजू देवी पत्नी मिथिलेश, भारती पत्नी शिवम, सोमन शर्मा पुत्र खोनई और रुदन कुमार पुत्र भोलू शर्मा शामिल हैं।
सीएमएस अविनाश गुप्ता के मुताबिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कुल 12 मरीज जिला अस्पताल लाए गए थे। गंभीर रूप से घायल नवीन कुमार, शिवम पवन, बादल, रविंद्र, सुशील और बालकृष्ण समेत अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया। अन्य सामान्य रूप से घायल 6 मरीजों की स्थिति स्थिर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से चालू करा दिया है। प्रशासन द्वारा घायलों और उनके परिजनों को हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित