सुलतानपुर , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गौकशी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति सवार होकर जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इटकौली जंगल के पास संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफरोज (28) निवासी सिरवारा शरीकपुर थाना गोसाईगंज, मोहम्मद गुलफाम उर्फ मोहम्मद इमरान निवासी सिरवारा गोसाईगंज तथा आजाद (52) निवासी फतेहपुर सेंघर थाना गोसाईगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल अफरोज के पैर में गोली लगी है। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जयसिंहपुर भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित