सुलतानपुर , मार्च 06 -- उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत जौनपुर गांव में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट और फायरिंग में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा एक गंभीर रूप से मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पत्रकारों को बताया कि जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जनऊपुर में गुरुवार देर शाम आपसी विवाद में गोलीबारी की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया की प्रारंभिक जांच के अनुसार यह विवाद दो पटीदारों, होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप सोनकर और रमेश सोनकर के बीच हुआ था। सुबह वीरेंद्र प्रताप के छोटे बच्चे का रमेश सोनकर के परिवार के सदस्यों से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। उस समय दोनों पक्षों ने आपसी सुलह कर ली थी और पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई थी। शाम को रमेश सोनकर के परिवार की महिलाएं और उनका बेटा भोलू सोनकर, वीरेंद्र प्रताप के घर पहुंचे। वहां विवाद फिर से बढ़ गया, जिसके बाद भोलू सोनकर ने कथित तौर पर लगभग पांच राउंड फायरिंग की। मोहित के सीने में दो गोलियां लगी जिन्हें इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगल को भी एक गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन विस्तृत जांच के लिए उसे सीटी स्कैन के लिये रेफर किया गया है। होमगार्ड वीरेंद्र प्रताप को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित