सुलतानपुर , मई 03 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के थाना लम्भुआ मिश्रौली स्थित मोहना तालाब में एक 14वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई।
सुलतानपुर जिले के क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कपूर ने बताया कि रविवार शाम को घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस फोर्स घटना स्थल पर पहुंची तथा जाँच में यह पाया कि बच्चे के कपड़े व चप्पल तालाब के बाहर थे, जिससे प्रथम दृष्ट्या यह डूबने का मामला प्रतीत होता है। जाँच में यह भी पाया कि बालक अपने किसी परिचित के घर नारायणपुर गया हुआ था। वहाँ से वह खाना खाकर तक़रीबन 12:00 बजे निकला है, तब से यह नहीं मिल रहा था। शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है।
मृतक की पहचान लंभुआ थाना क्षेत्र के पथरा गांव निवासी अर्पित गुप्ता (14) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अर्पित अपने दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मां लंभुआ ब्लॉक गेट के पास दाना भूनकर बेचती हैं, और अर्पित स्कूल से लौटने के बाद उनके काम में मदद करता था। उसके पिता श्रीनाथ खेती-बाड़ी और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित