सुलतानपुर , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की लंभुआ तहसील के पुराने तहसील भवन के निकट झाड़ियों में सैकड़ों सरकारी दस्तावेज लावारिस अवस्था में मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सोमवार को बताया कि पुराने तहसील भवन के पास झाड़ियों में बड़ी संख्या में फॉर्म-6 तथा आरसी (राजस्व संबंधी) दस्तावेज पड़े होने की सूचना मिलने पर तत्काल उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारी (सीओ) लंभुआ को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने सभी दस्तावेजों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया है।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि बरामद दस्तावेज वर्ष 2017 और 2018 के हैं, जिन्हें एक सुरक्षित कक्ष में रखा गया था। आशंका है कि किसी ने उस कक्ष का ताला तोड़कर दस्तावेजों से भरे बोरे को बाहर फेंक दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि ताला तोड़ने और सरकारी अभिलेखों को बाहर फेंकने के संबंध में पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), क्षेत्राधिकारी लंभुआ तथा उपजिलाधिकारी लंभुआ की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
उन्होंने कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया बरामद दस्तावेज पुराने फॉर्म-6 और सामान्य आरसी अभिलेख हैं, इसलिए इनके दुरुपयोग की संभावना सीमित प्रतीत होती है, फिर भी सरकारी अभिलेखों के साथ इस प्रकार की लापरवाही गंभीर मामला है।
प्रशासन ने कहा है कि जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि सुरक्षित कक्ष का ताला किसने तोड़ा और दस्तावेजों को बाहर फेंकने के पीछे क्या कारण थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित