सुलतानपुर , मार्च 8 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्रान्तर्गत जनऊपुर गांव में बच्चों के विवाद के चलते हुए झगड़े में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी दीपक सोनकर को घटना के कुछ घंटे में ही धोपाप से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में रामकुमार उर्फ रामस्वारथ (जनऊपुर) और अमर सोनकर उर्फ रोलू (राजापट्टी लोटिया, धोपाप) शामिल हैं, जिन्हें शनिवार को ग्राम अभियाखुर्द भट्टे के पास मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। वहीं, वीरेन्द्र प्रसाद सोनकर (जनऊपुर) को घटना में प्रयुक्त डण्डा के साथ हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया और जेल भेज दिया गया।
घटना पांच मार्च को हुई थी, जब बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष की ओर से गोली चली, जिससे एक व्यक्ति की मौत हुई और दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर मेडिकल कॉलेज लखनऊ में इलाजरत है। मुख्य आरोपी दीपक सोनकर पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित