सुलतानपुर , मार्च 6 -- उत्तर-प्रदेश में सुलतानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत जनऊपुर गांव में दो पक्षों में हुई मारपीट में गोली लगने से एक व्यक्ति की हुई मौत मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने एक मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जनऊपुर में आपसी विवाद में गोलीबारी की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और पीआरवी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। इसमें मोहित सोनकर की मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिक की दर्ज कर मुख्य आरोपी दीपक सोनकर की गिरफ्तारी के जांच टीम गठित कर दी गई।

जांच टीम ने बीती रात दीपक को उसके घर धोपाप से गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि आलाकत्ल पिस्टल जनऊपुर में ही एक घर के पीछे फेंक दिया है। पुलिस जब उसे लेकर पिस्तौल बरामद करने गई तो दीपक ने खेत से पिस्तौल उठाकर पुलिस पर ही फायर कर दिया, पुलिस ने भी बचाव जवाबी फायरिंग की, जो दीपक के पैर में लगी। दीपक सोनकर को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगे की विधि कार्रवाई की जा रही है पुलिस ने बताया कि दीपक के विरुद्ध लंभुआ थाने में 10 आपराधिक मामला दर्ज है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित