सुलतानपुर , मार्च 28 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में गैस, पेट्रोल एवं डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर रोक लगाने के लिए आपूर्ति विभाग ने जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सुलतानपुर जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर पेट्रोलियम पदार्थों के किल्लत को लेकर फेल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
जिला पूर्ति विभाग के सभी सप्लाई इंस्पेक्टर ने सुबह 7 बजे से ही जिले के कादीपुर, अखंड नगर, लंभुआ, नारायणपुर, पयागीपुर अमहट तथा बस अड्डा क्षेत्र सहित जनपद के दो दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर एक साथ निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान सप्लाई इंस्पेक्टर वैभव श्रीवास्तव एवं मुबीन सिद्दीकी लगातार पेट्रोल पंपों पर मौजूद रहे और आम जनता से सीधा संवाद कर स्थिति स्पष्ट की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध ईंधन स्टॉक की जांच की तथा आपूर्ति व्यवस्था को परखा। जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्य ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार का भेदभाव या दुर्व्यवहार न किया जाए तथा सभी को सामान्य रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाए।
श्री मौर्य ने लोगों का आह्वान किया है कि किसी व्यक्ति को पेट्रोल, डीजल या गैस प्राप्त करने में समस्या आती है तो वह जिला पूर्ति कार्यालय सुलतानपुर के कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9120098526, 7800900041 एवं 9696282871 पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने लोगों से घबराकर ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन द्वारा लगातार पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों की निगरानी की जा रही है, ताकि कालाबाजारी या कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित