सुलतानपुर , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर नगर स्थित गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की पांचों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह राणा ने बताया कि तिरंगा यात्रा महाविद्यालय के महिला परिसर से प्रारंभ हुई और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः महिला परिसर सीताकुंड पर समाप्त हुई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों जैसे 'हर घर तिरंगा', 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम्' से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रबंधक ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन तथा उनके नेतृत्व में किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ रैली में सहभागिता की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह राणा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, संप्रभुता, गौरव और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे राष्ट्र के विकास, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों में डॉ. शाहनवाज़ आलम, डॉ. दीपा सिंह, डॉ. विष्णु शंकर अग्रहरि, डॉ. भोलानाथ, डॉ. देवेंद्र नाथ मिश्र सहित महाविद्यालय के शिक्षकों और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने पूरे मार्ग में अनुशासन का परिचय देते हुए आमजन को 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित