सुलतानपुर , अक्टूबर 05 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, कही-कही ओले भी गिरने की सूचना हैं। बारिश से किसानों की धान की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है तथा लखनऊ-बलिया हाइवे पर मोतिगरपुर में पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।
सोमवार को शहर में दोपहर बाद बादल छा गए और पांच बजे के बाद हल्की बारिश भी हुई। वहीं कूरेभार धनपतगंज, मोतिगरपुर और करौंदीकला में ओले गिरे हैं। इसी क्रम में अखंडनगर में तीन घंटे तक लगातार बारिश से जहां जलभराव हुआ है वहीं खेती को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर धान की फसले गिर गईं हैं।
लखनऊ-बलिया हाइवे पर शाहपुर लपटा के पास हाईवे पर शीशम का पेड़ गिरने से आवागमन करीब 40 मिनट बाधित रहा। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और वन विभाग के दैनिक वाचार धर्मेंद्र सिंह ने जेसीबी की मदद से पेड़ को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। कूरेभार में करीब 40 मिनट तक मूसलाधार बारिश के दौरान लगभग 10 मिनट तक छोटे-छोटे ओले भी गिरे। किसान अनिल वर्मा ने बताया कि तेज हवा के कारण उनके करीब पांच बीघे में खड़ी धान की फसल खेत में गिर गई। फसल गिरने से दाने खराब होने और उत्पादन प्रभावित होने का डर बना हुआ है।
करौदीकला के बौढ़िया बालमऊ में आम का पेड़ गिरा, वहीं परशुरामपुर चौराहे के पास सड़क पर बबूल का पेड़ गिर गया। जबकि इसी गांव में सुमित सिंह की बर्बाद हुई 10 बीघा धान की फसल बर्बाद हुई है। प्राथमिक विद्यालय बौढ़िया बालमऊ की बाउंड्री धराशाई हुई है। वहीं गौरा टिकरी गांव में फोर व्हीलर पर पेड़ गिरा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित