सुलतानपुर , सितंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में गुरुवार को मतगणना के दौरान हंगामा हो गया। धांधली के आरोप लगने के बाद दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। इसके चलते मतगणना रोक दी गई और चुनाव रद्द कर दिया गया।

जिले के दीवानी न्यायालय परिसर स्थित अधिवक्ता संघ भवन में शाम के समय हंगामे के बीच बार की एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप दुबे ने चुनाव रद्द करने की घोषणा की। देर शाम एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप दुबे और अधिवक्ता अरविंद सिंह राजा समेत अन्य वकीलों ने जिला जज सुनील कुमार से मुलाकात की। उन्होंने जिला जज को पूरे मामले की जानकारी दी।

बुधवार को बार अध्यक्ष और महासचिव समेत कई पदों के लिए मतदान हुआ था। इसमें कुल 63 प्रत्याशी मैदान में थे। 2,080 वोटरों में से 1,853 वकीलों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। गुरुवार सुबह 10 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई थी, मतपत्रों की छंटनी के बाद गिनती शुरू होने वाली थी। तभी करीब चार बजे धांधली का आरोप लगाते हुए दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। हंगामे के दौरान कुछ लोग मतपत्र छीनकर भाग गए। इस बवाल के बाद एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप दुबे ने मतगणना रोककर चुनाव रद्द करने की घोषणा की। इस घटना की जानकारी हाईकोर्ट, डीएम, एसपी और नगर कोतवाल को भी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित