सुलतानपुर , अक्टूबर 30 -- उत्तर-प्रदेश के सुलतानपुर जिले में दुर्गापूजा महोत्सव के मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा में तेज आवाज और वाइब्रेशन से कोहराम मचाने वाले 24 डीजे संचालकों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के कोतवाली नगर के उपनिरीक्षक अविनाश चंद्र की शिकायत के मुताबिक 27 और 28 अक्टूबर की रात पुलिस शाहगंज, घंटाघर, गंदा नाला, पोस्ट ऑफिस चौराहा और बस स्टैंड इलाके में सुरक्षा के लिए गश्त कर रही थी। इस दौरान जुलूस में शामिल डीजे संचालक तेज आवाज और वाइब्रेशन में संगीत बजा रहे थे। मना करने के बाद भी कोतवाली नगर में 14 नामजद और कुछ अज्ञात संचालकों, जबकि कुड़वार में 10 नामजद संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
शाहगंज, घंटाघर रोड, पंचरास्ता, गभड़िया ओवरब्रिज और बस अड्डे के पास स्थानीय लोगों, दुकानदारों, राहगीरों और एम्बुलेंस में मरीजों के साथ जा रहे लोगों ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि डीजे की तेज आवाज और वाइब्रेशन से लोगों की धड़कन तेज हो रही थी और सांस लेने में परेशानी हो रही थी।
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान कई डीजे संचालक तय मानकों से ज्यादा साउंड बॉक्स और ट्वीटर हॉर्न लगाए मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित