वाराणसी , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को टकटकपुर, अनौला और मीरापुर बसही क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कूड़ा जमा मिलने, सीवर एवं जल निकासी की समस्या तथा गलियों की खराब स्थिति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जतायी।
श्री खन्ना ने टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा पाया। इसी तरह अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने तथा अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग पर भी कूड़ा जमा मिला। मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने मुख्य मार्ग पर भी गंदगी पायी गयी।
निरीक्षण के दौरान मीरापुर बसही में स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब मिला, जिससे गंदा पानी पास के खाली भूखंड में जा रहा था। भूखंड में कूड़ा भी पड़ा मिला। इसके अलावा वार्ड संख्या 16 के अंतर्गत मीरापुर बसही क्षेत्र की कुछ गलियां क्षतिग्रस्त पायी गयीं।
प्रभारी मंत्री ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को चिह्नित सभी स्थानों से तत्काल कूड़ा हटवाने, खराब सीवर एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित