भोपाल , सितंबर 06 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के साथ सुरक्षित सफर और हरित परिवहन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण अनुकूल यात्री परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 11 एवं 12 सितंबर को इंदौर में 'यात्री परिवहन विजन समिट-2026' का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक यात्री को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध हो। सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और प्रभावी बनाने में सार्वजनिक-निजी भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यात्री परिवहन विजन समिट इसी दिशा में भविष्य की ठोस रूपरेखा तैयार करेगा।
उन्होंने बताया कि समिट में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण तथा इसमें सार्वजनिक-निजी भागीदारी की भूमिका पर विशेषज्ञों, निवेशकों और नीति-निर्माताओं द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। समिट में सुरक्षित परिवहन के साथ हरित परिवहन और बेहतर मोबिलिटी के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने पर भी चर्चा होगी।
समिट के माध्यम से प्रदेश की यात्री परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, टिकाऊ और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए संभावित निवेश तथा साझेदारी के नए अवसर तलाशे जाएंगे। इसे प्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित