पटना , दिसंबर 09 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने मंगलवार को कहा कि किसानों की सुरक्षा और बेहतर उत्पादन के लिए यह जरूरी है कि कीटनाशकों को उन्हीं बोतलों में तैयार किया जाए जो सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाई जाती है।
श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार सरकार कृषि क्षेत्र में सुरक्षा, वैज्ञानिकता और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने राज्य भर में कीटनाशक घोल तैयार करने के लिये मानक एवं स्वीकृत कंटेनरों के उपयोग को अनिवार्य बताया है।
मंत्री ने कहा कि विशेष कंटेनरों में रसायनों के सुरक्षित भंडारण, उपयोग तथा निपटान की बेहतर व्यवस्था होती है, जिससे पर्यावरण तथा मानव स्वास्थ्य दोनों सुरक्षित रहते हैं।उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से स्वीकृत पैकेजिंग और कंटेनरों के उपयोग से कीटनाशक विषाक्तता के जोखिम में कमी आती है।पौधों, जलस्रोतों और मिट्टी की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का बेहतर पालन होता है।
किसानों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण होता है।उन्होंने सभी पेस्ट कंट्रोल एजेंसियों एवं संबंधित व्यक्तियों से आग्रह किया कि कीटनाशक तैयार करने और उपयोग करने में मानक प्रोटोकॉल का कठोर पालन करें।
श्री यादव ने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता है कि खेतों से लेकर घरों तक, हर कदम पर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।उन्होंने आम नागरिकों तथा किसानों से भी सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनुचित या असुरक्षित कंटेनरों में कीटनाशक घोल तैयार होते दिखें, तो उसकी सूचना जिला कृषि कार्यालय, जिला कृषि पदाधिकारी या सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) को तुरंत दें। नागरिकों का यह योगदान जन-स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण होगा।
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक, सुरक्षित और आधुनिक पद्धतियों के प्रोत्साहन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसानों की सुरक्षा और पर्यावरण की रक्षा के लिए इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित