पटना , सितंबर 08 -- ्रमंडलीय आयुक्त -सह- अध्यक्ष, विमान पत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति राजेश कुमार ने जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना पर यात्रियों को सर्वोत्तम नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, उच्चतम सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप एयरपोर्ट के सुचारु संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं स्टेकहोल्डर्स के बीच प्रभावी समन्वय पर बल दिया।श्री कुमार ने पटना एयरपोर्ट के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में कहा कि सुरक्षित एयर ट्रैफिक सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी, जिला प्रशासन, वन विभाग, नगर निकाय, रेलवे, बुडको सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिये कि संबंधित विभाग अपने कार्यों के लिए बैठक की प्रतीक्षा न करें, बल्कि अपने स्तर से समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, पटना के निदेशक ने बताया कि एयरपोर्ट के समीप कुछ पेड़ों की आवश्यकतानुसार छंटाई किया जाना जरूरी है। इस पर प्रमंडलीय आयुक्त ने डीएफओ, पटना को एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रतिनिधि के साथ समन्वय कर आवश्यक पेड़ों की छंटाई शीघ्र कराने तथा संयुक्त निरीक्षण के बाद प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारियों को भी सूखे ताड़ के पेड़ों की पहचान कर उनकी कटाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि एयरपोर्ट के आसपास के इलाके में खुले में मांस-मछली की बिक्री तथा उनके अवशेषों के उचित निस्तारण नहीं होने से पक्षियों एवं अन्य जीवों की आवाजाही बढ़ती है, जिससे विमान परिचालन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित