बैतूल , जून 26 -- लखनऊ में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद मध्यप्रदेश के बैतूल नगर पालिका प्रशासन ने शहर के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान दो प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां मिलने पर उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे ने गुरुवार को शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुपर-100 कोचिंग और आरपीएस मेडिटेक कोचिंग में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं में कई कमियां पाई गईं।

निरीक्षण में पाया गया कि सुपर-100 कोचिंग दूसरी मंजिल पर संचालित हो रही है, जहां विद्यार्थियों के लिए केवल एक संकरा प्रवेश एवं निकास मार्ग उपलब्ध है तथा अलग से आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं है। संस्थान में लगे अग्निशामक यंत्र वर्ष 2019 से एक्सपायर पाए गए और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी अधूरे मिले।

नगर पालिका ने कोचिंग संचालक को सात दिन के भीतर संस्थान को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में निर्देशों का पालन नहीं होने पर संस्थान को सील करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इसी प्रकार आरपीएस मेडिटेक कोचिंग में भी निरीक्षण के दौरान अग्निशामक उपकरण एक्सपायर पाए गए। संस्थान संचालक को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

नगर पालिका प्रशासन ने शहर के सभी कोचिंग संस्थानों को फायर सेफ्टी उपकरणों का नवीनीकरण, पर्याप्त आपातकालीन निकास तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित