इंफाल , जुलाई 16 -- मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रदेश भर में कई अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद करने के साथ ही आपराधिक, उग्रवाद से जुड़े और अन्य मामलों में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा बलों ने बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले में वांगोई थाना क्षेत्र अंतर्गत लोकतक झील के पास इशोक मामंग लीकाई से हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। इनमें चार मॉडिफाइड बोल्ट-एक्शन सिंगल-बैरल राइफलें, मैगज़ीन के साथ एक मॉडिफाइड .303 राइफल, टेलीस्कोपिक साइट और मैगज़ीन लगी एक एम 2 कार्बाइन राइफल, मैगज़ीन के साथ एक 9एमएम पिस्तौल और अलग-अलग कैलिबर के 26 कारतूस शामिल है ।

जिरीबाम ज़िले के मोंगबुंग गाँव के पास जंगल वाले इलाके में एक और ऑपरेशन के दौरान, सुरक्षा बलों ने एक पम्पी गन, दो देसी पिस्तौल, दो .36 हैंड ग्रेनेड, चार देसी 12-बोर एसबीबीएल बंदूकें, अलग-अलग कैलिबर के 331 ज़िंदा कारतूस, तीन 51एमएम मोर्टार शेल, अलग-अलग हथियारों की 17 मैगज़ीन और मिलिट्री का सामान (जैसे बुलेटप्रूफ जैकेट कवर, जंगल शूज़ और कैमोफ़्लाज पैंट) बरामद किये।

इस बीच, मणिपुर पुलिस ने 14 जुलाई को उखरुल शहर से एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया। यह गिरफ़्तारी उखरुल महिला पुलिस स्टेशन में 'बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण' (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में की गयी।

एक अलग अभियान में, उखरुल ज़िले के टीएम कासोम और सिकिबंग गाँवों में मिली खास खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने चार लोगों को गिरफ़्तार किया और दो एसबीबीएल बंदूकें, एसबीबीएल के ज़िंदा कारतूस और एक वायरलेस कम्युनिकेशन सेट ज़ब्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित