इंफाल , जून 29 -- मणिपुर पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर सफल अभियान चलाते हुए राज्य भर में अलग-अलग विद्रोही संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस अभियान में भारी मात्रा में हथियार , गोला-बारूद और हेरोइन भी बरामद की है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि एक अभियान में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग जगहों से दो संदिग्ध उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। एक अन्य अभियान में, सुरक्षा बलों ने थौबल ज़िले के खोंगजोम पुलिस स्टेशन के तहत खोंगजोम इलाके से एक उग्रवादी संगठन के स्वयंभू कैप्टन बताने वाले व्यक्ति को गिरफ़्तार किया। अभियान के दौरान, उसके पास से मैगज़ीन के साथ एक नौ एमएम पिस्तौल, 97 ज़िंदा कारतूस और बिना रजिस्ट्रेशन वाली टोयोटा फॉर्च्यूनर ज़ब्त की गयी।

इस बीच, मणिपुर पुलिस ने सिंगजामेई पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले के सिलसिले में केसीपी (ताइबांगनबा) के चेयरमैन को औपचारिक रूप से गिरफ़्तार कर लिया। उसे तिहाड़ जेल से लाया गया, जहां वह पहले से ही एक दूसरे मामले में बंद था। मणिपुर में दर्ज प्राथमिकी के तहत जांच के लिए आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित