श्रीनगर , मई 24 -- सुरक्षा बलों ने कश्मीर में बारामूला जिले में एक आतंकवादी ठिकाने को नष्ट कर वहां से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

सूत्रों ने बताया कि बारामूला पुलिस ने शनिवार को शहर के चंदूसा के निलसार कंडी इलाके में संयुक्त आतंकवाद-विरोधी अभियान में इस ठिकाने को नेस्तनाबूद कर दिया।

जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ की 53वीं बटालियन और एसएसबी की दूसरी बटालियन के साथ मिलकर संयुक्त अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने गुप्त आतंकवादी ठिकाने का पता लगाया और वहां से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया।

पुलिस ने बताया कि बरामद हथियार में प्लास्टिक के डिब्बों में पैक किये गये रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) के लिए सोवियत निर्मित 14 ओजी-7वी फ्रैग्मेंटेशन राउंड और हरे रंग की प्लास्टिक ट्यूबों के भीतर छिपाकर रखे गये नौ पीजी-7पी प्रॉपेलेंट चार्ज/बूस्टर शामिल हैं। इलाके की पूरी तरह सफाई करने और किसी भी संभावित खतरे को खत्म करने के लिए यह अभियान करीब छह घंटे तक जारी रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित