बीजापुर , फरवरी 19 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना ईलमिड़ी क्षेत्र में संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा लगाए गए दो शक्तिशाली आईईडी को बरामद कर उन्हें नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई गुरुवार को ईलमिड़ी-मुलाजकांकेर मार्ग पर की गई।
पुलिस से आज (गुरुवार) मिली जानकारी के अनुसार, थाना ईलमिड़ी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की 9/डी कंपनी और बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) बीजापुर की संयुक्त टीम एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग (बम निरोधक) अभियान पर निकली थी। इस दौरान जैसे ही टीम ईलमिड़ी से मुजालकांकेर मार्ग पर पहुंची, बीडीएस की टीम ने अपनी सतर्कता दिखाते हुए सड़क के बीचों-बीच दबे दो संदिग्ध बर्तनों को देखा।
बारीकी से जांच करने पर पता चला कि ये बर्तन माओवादियों द्वारा लगाए गए 10-10 किलोग्राम वजन के दो आईईडी थे। खास बात यह रही कि इन दोनों विस्फोटकों को आपस में सीरीज में जोड़ा गया था, जिससे इनकी विनाशक क्षमता काफी अधिक थी। माओवादियों की मंशा सुरक्षा बलों के वाहनों को इस जाल में फंसाकर बड़ी घटना को अंजाम देने की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित