महराजगंज , अक्तूबर 12 -- महराजगंज पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर जिले में अब तक 1650 लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन किया है। शस्त्र लाइसेंस, लाइसेंस में अंकित शस्त्र के विवरण एवं संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सत्यापन के दौरान लाइसेंसी शस्त्र धारकों को शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव, लाइसेंस की शर्तों का पालन करने, शस्त्रों के अनावश्यक प्रदर्शन एवं दुरुपयोग से बचने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लाइसेंसी शस्त्र धारकों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए सत्यापन की कार्रवाई निरंतर जारी रखने व किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि महराजगंज पुलिस की ओर से आगामी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत सतर्कता, निगरानी एवं चेकिंग की कार्रवाई जारी है। प्रत्येक हलचल पर नजर रखी जा रही है। कहीं से सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई जाएगी। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। भीड़भाड वाले स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित