बेमेतरा , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में संचालित फैक्ट्रियों में श्रमिकों की सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों के पालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) के साथ औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित फैक्ट्रियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा है।

प्रशासन को फैक्ट्रियों में श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाने और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी किए जाने संबंधी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने फैक्ट्रियों की जांच कराने का निर्णय लिया है।

निरीक्षण के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और निर्धारित पर्यावरणीय नियमों एवं मानकों के पालन की जांच की जाएगी।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि श्रमिकों की सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में नियमों का उल्लंघन अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित