रायपुर , जुलाई 05 -- छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की संभावनाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन सुमन बिल्ला रविवार को रायपुर पहुंचे। रायपुर विमानतल पर पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारती दासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने उनका स्वागत किया।
श्री बिल्ला भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर में सुशासन एवं अभिसरण विभाग तथा आईआईएम रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय मंत्रिमंडल चिंतन शिविर में पर्यटन विषय के प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान बिल्ला, भारती दासन और आचार्य के बीच राज्य में पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर चर्चा हुई। बैठक में प्राकृतिक, सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
चर्चा में पारिस्थितिकी, धार्मिक, पुरातात्विक, वन्यजीव, जनजातीय और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं के योजनाबद्ध विकास पर जोर दिया गया। स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने, रोजगार सृजन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तथा सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के साथ पर्यटन विकास का मॉडल तैयार करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में पर्यटन अधोसंरचना के विस्तार, पर्यटक सुविधाओं के विकास, डिजिटल प्रचार-प्रसार, होम-स्टे को बढ़ावा, स्थानीय हस्तशिल्प एवं पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने तथा जनजातीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही केंद्र सरकार की पर्यटन योजनाओं का अधिकतम लाभ राज्य को दिलाने, पर्यटन स्थलों के समग्र विकास और निवेश को प्रोत्साहित करने के उपायों पर भी विचार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित