पटना, जून 01 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को भारत की सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके नहीं रहने से भारतीय संगीत जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
डॉ. कुमार ने कहा कि सुमन कल्याणपुर ने 1960 और 1970 के दशक में अपनी मधुर, सुरीली और भावपूर्ण आवाज़ के बल पर हिंदी, मराठी, असमिया, गुजराती, कन्नड़, मैथिली, भोजपुरी, राजस्थानी, बंगाली, ओड़िया और पंजाबी समेत अनेक भाषाओं में गायन करते हुए करोड़ों श्रोताओं के हृदय में विशेष स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत जगत में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों और प्रशंसकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित