नयी दिल्ली , अगस्त 07 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यहां शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
यह बैठक ऐसे समय में हुई जब उच्चतम न्यायालय शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी सांसदों के शिवसेना में शामिल होने से जुड़े चुनाव चिह्न विवाद मामले की सुनवाई कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने देश भर की राजनीतिक स्थिति की समीक्षा के लिए एनडीए के घटक दलों के नेताओं के साथ चल रही चर्चाओं के बीच श्री शिंदे को दिल्ली बुलाया। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने महाराष्ट्र के राजनीतिक हालात की समीक्षा की और श्री शिंदे से जानकारी ली। इसके बाद प्रधानमंत्री ने शिवसेना (यूबीटी) छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हुए छह बागी सांसदों से भी मुलाकात की और उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हुए निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
श्री मोदी और श्री शिंदे की इस बैठक में इन बागी सांसदों के संसदीय क्षेत्रों में विकास कार्यों, सुप्रीम कोर्ट में चल रहे चुनाव चिह्न मामले, महाराष्ट्र में आगामी मंत्रिमंडल विस्तार और राज्य के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। सूत्रों ने यह भी बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और उसमें शिवसेना की बढ़ती ताकत के आधार पर उनकी बढ़ी हुई भूमिका तथा श्री शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की संभावना पर भी बातचीत हुई।
गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय में सुनवाई शुरू होने के बाद श्री शिंदे सतारा जिले में स्थित अपने पैतृक गांव दारे के तीन दिवसीय दौरे पर गए थे, जिसे वे अचानक बीच में ही छोड़कर अगले दिन दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) के छह बागी सांसदों ने शिंदे गुट का दामन थामा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित