नयी दिल्ली , अप्रैल 23 -- उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश के एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ दंगा करने, चोट पहुंचाने एवं शांति भंग करने के आरोप में चल रही कार्यवाही पर रोक लगा दी है। शीर्ष अदालत ने कहा कि प्रयागराज में 1989 में दर्ज इस मामले में पिछले 35 वर्षों में एक भी अभियोजन गवाह से पूछताछ नहीं की गई है।

उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी करते हुए और आगे की कार्यवाही पर रोक लगाते हुए, न्यायमूर्ति जे.बी. परदीवाला और न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई की पीठ ने 20 अप्रैल को कहा, "इस मामले के तथ्यों एवं परिस्थितियों को देखते हुए और विशेष रूप से इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए कि लगभग 35 वर्ष बीत चुके हैं, हम केवल इसी आधार पर कार्यवाही को रद्द करने के इच्छुक हैं।"हालांकि, अदालत ने अंतिम आदेश पारित करने से पहले उत्तर प्रदेश सरकार की बात सुनने का विकल्प चुना है। न्यायालय ने नोटिस जारी करते हुए कहा कि कोई भी आदेश पारित करने से पहले हम राज्य की बात सुनना चाहेंगे और मामले की अगली सुनवाई 29 अप्रैल, 2026 को तय की। न्यायालय ने उत्तराखंड को उसके प्रधान सचिव, गृह विभाग के माध्यम से प्रतिवादी के रूप में शामिल किया।

न्यायालय ने यह भी अवलोकन किया कि इस मामले में पांच आरोपी थे। उनमें से दो की कार्यवाही के दौरान मौत हो गई जबकि अन्य दो को बरी कर दिया गया क्योंकि उनके खिलाफ मौखिक साक्ष्य दर्ज करने के लिए कोई अभियोजन गवाह पेश नहीं किया गया।

न्यायालय ने अपने आदेश में कहा, "हमें सूचित किया गया है कि कुल मिलाकर पांच आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किए गए थे जिनमें वर्तमान याचिकाकर्ता भी शामिल है। इन पांचों में से दो सह-आरोपियों का निधन हो गया है और अन्य दो सह-आरोपियों को इस आधार पर बरी कर दिया गया है कि अभियोजन पक्ष मौखिक साक्ष्य दर्ज करने के लिए किसी भी गवाह को पेश करने में विफल रहा।"याचिकाकर्ता पुलिस अधिकारी ने आपराधिक कार्यवाही पर रोक लगाने और उसे रद्द करने की अपनी याचिका को खारिज करने वाले इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 23 फरवरी, 2026 के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का रुख किया।

याचिकाकर्ता पुलिस अधिकारी कैलाश चंद्र कापरी, भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 323 और 504 तथा रेलवे अधिनियम की धारा 120 के अंतर्गत दंडनीय अपराधों के लिए मुकदमे का सामना कर रहे हैं। यह मामला 1989 में जीआरपी रामबाग पुलिस स्टेशन, जिला इलाहाबाद में दर्ज किया गया था और प्रयागराज के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (रेलवे) की अदालत में लंबित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित