मुंबई , मई 1 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को घोषणा की कि यदि बारामती लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने पर उन्हें पवार परिवार के किसी सदस्य का सामना करना पड़ता है, तो बारामती से चुनाव नहीं लड़ेंगी।

सुश्री सुले के इस बयान ने महाराष्ट्र में नई राजनीतिक अटकलों को जन्म दे दिया है।

सुश्री सुले ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि वह भविष्य के चुनावों में परिवार के किसी भी सदस्य के खिलाफ नहीं लड़ना चाहती हैं। उन्होंने खुलासा किया कि पिछले चुनाव के दौरान भी वह बारामती से चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं थीं, हालांकि उस समय परिस्थितियां अलग थीं।

उन्होंने कहा, "मैं किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र की तलाश करूंगी। यदि परिवार का कोई अन्य सदस्य बारामती से चुनाव लड़ना चाहता है, तो वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन मैं अपने ही परिवार के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ूंगी।"इस बीच, महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने उनके इस रुख का स्वागत करते हुये इसे एक सकारात्मक और संवेदनशील निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति के कारण पारिवारिक विवाद गहरे नहीं होने चाहिये और कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुट अंततः पवार परिवार से ही संबंधित हैं।

महाराष्ट्र के वरिष्ठ मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने भी सुश्री सुले के निर्णय की प्रशंसा करते हुये कहा कि भारतीय संस्कृति व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर पारिवारिक हितों को महत्व देना सिखाती है। उन्होंने भविष्य में बारामती से पवार परिवार के सदस्यों के खिलाफ चुनाव न लड़ने के निर्णय के लिए उन्हें बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित