मुंबई , अगस्त 27 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रही विफलताओं को लेकर राज्य और केंद्र प्रशासन की तीखी आलोचना की है। इसके साथ ही उन्होंने नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के कारण फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों के लिए तत्काल, समन्वित बचाव अभियानों की मांग की है।

सुश्री सुले ने गुरूवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद, संस्थागत जवाबदेही, नागरिक सुरक्षा और राज्य व देश के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मीडिया से बात की।

नेपाल में भीषण प्राकृतिक आपदा के कारण फंसे पर्यटकों की दुर्दशा पर उन्होंने कहा कि फंसे हुए नागरिक सबसे पहले देश के हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य दोनों से जल्द बचाव कार्य चलाने का आग्रह किया।

सुश्री सुले ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा के पेपर लीक को अभ्यर्थियों के भविष्य पर बड़ा प्रहार बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासनिक उदासीनता से युवाओं का बड़ा आंदोलन खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि असली संकट परीक्षाओं के पेपर लीक को रोकने में सत्तारूढ़ व्यवस्था की नाकामी है।

उन्होंने कहा कि वह खुद को पहचान की राजनीति के बजाय बारामती के सभी मतदाताओं के प्रति जवाबदेह जनप्रतिनिधि के रूप में देखती हैं। सुश्री सुले ने लोकमान्य तिलक के मूल मूल्यों का स्मरण किया और गणेशोत्सव जैसे सार्वजनिक उत्सवों के दौरान नागरिकों से आपसी सम्मान, शांति और सामाजिक ताने-बाने को बनाये रखने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित