सुपौल , जून 24 -- बिहार में सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर 85 ग्राम स्मैक, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने बुधवार को बताया कि सूचना मिली थी कि विशुनपुर गांव के वार्ड संख्या-13 निवासी लोकेश कुमार मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करता है। सूचना के सत्यापन के बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर दंडाधिकारी की उपस्थिति में उसके घर पर छापेमारी की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी के दौरान मकान से 80 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 47 हजार 780 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक कार तथा दो यूपीआई स्कैनर बरामद किए गए। इसके अलावा जब्त कार की तलाशी के दौरान पांच ग्राम स्मैक और बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार कुल 85 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। मामले में तस्कर एवं गृहस्वामी लोकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित