सुपौल , अक्टूबर 28 -- बिहार के सुपौल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने किशनपुर और पिपरा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 285 ग्राम स्मैक, 1,41,170 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक पेन कार्ड, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।

सुपौल पुलिस से आज जारी सूचना के अनुसार पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरथ आर एस के निर्देश पर किशनपुर और पिपरा थानों की पुलिस ने दंडाधिकारियों के साथ अलग-अलग टीमें गठित कर इस कार्रवाई में भाग लिया।

पुलिस ने इस कार्रवाई में वाहन जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली, जिससे 100 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस ने मौके से एक तस्कर को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर पिपरा थाना क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। एक किराना दुकान की तलाशी के दौरान 100 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ तथा एक अन्य आरोपित को हिरासत में लिया गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने पिपरा थाना क्षेत्र के एक अन्य स्थान पर तलाशी ली, जहां से 85 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक मोबाइल फोन, एक पेन कार्ड और 1,41,170 रुपये नकद बरामद किए गए और इस कार्रवाई में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित