सुपौल , अक्टूबर 27 -- बिहार में सुपौल जिले के निर्मली थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 270 लीटर विदेशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिली थी कि चारपहिया वाहन से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित कर चिह्नित स्थान पर वाहन जांच अभियान चलाया गया।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक संदिग्ध चारपहिया वाहन की तलाशी में 270 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मधुबनी जिले के अंधरामठ थाना क्षेत्र के रोवाही गांव के वार्ड संख्या छह के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने शराब के साथ एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित