सुपौल , जून 28 -- बिहार में सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर 2115 नशीली सूइयां बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने रविवार को बताया कि सूचना मिली थी कि नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 निवासी संतोष कुमार मुखिया नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने उसके आवास पर छापेमारी की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छापेमारी के दौरान मकान की छत से पॉलीथीन में पैक 2115 नशीली सूइयां बरामद की गईं। इसके बाद संतोष कुमार मुखिया को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थों के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि संतोष कुमार मुखिया के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में सदर थाना में जनवरी और मई महीने में भी अलग-अलग मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित