सुपौल , अक्टूबर 24 -- बिहार में सुपौल जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक व्यवसायी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने शनिवार को बताया कि सूचना मिली थी कि भीमपुर थाना क्षेत्र के जीबछपुर गांव के वार्ड संख्या चार में मुर्गी-अंडा व्यवसायी अपनी दुकान से स्मैक की बिक्री करता है। इसके आधार पर पुलिस ने दुकान में छापेमारी कर 100 ग्राम स्मैक बरामद किया और व्यवसायी मोहम्मद हकीम को गिरफ्तार कर लिया।उन्होंने बताया कि पिपरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 316 एमएल नशीली सूई बरामद की। इस मामले में लिटियाही निवासी विकास कुमार और सुपौल के बीना अंदौली निवासी रूपेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि किशनपुर थाना क्षेत्र में कोसी पूर्वी तटबंध पर वाहनों की जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो तस्करों को 150 बोतल विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलाढ़ पंचायत के थरिया गांव निवासी रंजीत कुमार और दशरथ कुमार के रूप में की गयी है।

उन्होंने बताया कि तीनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित