पटना , मार्च 07 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को कहा कि रिक्रूट प्रशिक्षण केन्द्र, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), सुपौल में 100 मीटर सेमी इंडोर बफल रेंज के निर्माण के लिये 38 डिसमिल जमीन निश्चित अवधि के लिए देने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

श्री चौधरी ने आज बयान जारी कर कहा कि जिले के किशनपुर अंचल, मौजा-आसनपुर कुपहा, खाता संख्या-346, खेसरा नंबर-361 भूखंड को 10 साल के लिए प्रशिक्षण और फायरिंग अभ्यास के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल को प्रशिक्षण, युद्धाभ्यास, खुले क्षेत्र में गोली चलाने के अभ्यास के लिए ये भूखंड देने की स्वीकृति प्रदान की है।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण के लिए आधुनिक और सुरक्षित बुनियादी ढांचा तैयार करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इंडोर बफल रेंज बनने से प्रशिक्षण केंद्र में जवानों को बेहतर अभ्यास की सुविधा मिलेगी और वे नियंत्रित तथा सुरक्षित वातावरण में फायरिंग अभ्यास कर सकेंगे। इससे उनकी दक्षता और क्षमता दोनों में वृद्धि होगी।

श्री चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों को मजबूत प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है, जिससे वे किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना प्रभावी ढंग से कर सकें। उन्होंने कहा कि सुपौल में प्रस्तावित यह सुविधा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे सुरक्षा बलों के प्रशिक्षण तंत्र को और मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित