सुपौल , सितंबर 28 -- िहार में सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सोमवार को दिनदहाड़े राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 91 पर बेलागंज गांव के समीप एक युवक का अपहरण कर लिया और फायरिंग करते हुए फरार हो गये।पुलिस सूत्रों ने बताया कि जीबछपुर गांव से 20 वर्षीय मोहम्मद जिशान खान अपने पड़ोसी प्यारे खान के साथ मोटरसाइकिल से माधोपुर स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गये। इसके बाद कार से नकाबपोश अपराधी उतरे और मोहम्मद जिशान खान को जबरन कार में बैठाकर ले गये।

घटना का विरोध करने पर अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की और अपहृत युवक को साथ लेकर फरार हो गये।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर भीमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखा तथा अपहृत की मोटरसाइकिल बरामद कर मामले की छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अपहृत युवक की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित