सुपौल , जून 15 -- बिहार के सुपौल जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिपरा थाना क्षेत्र के महेशपुर पंचायत वार्ड संख्या-5 निवासी शंकर पासवान की आठ वर्षीय पुत्री रूपम कुमारी खेत में बकरी चराने गई थी। इसी दौरान वह बालू खनन से बने गड्ढे में फिसलकर गिर गई। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण वह डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा परिजनों की मदद से बच्ची का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

एक अन्य घटना में बीरपुर थाना क्षेत्र के शिवराम पंचायत वार्ड संख्या-1 में चापाकल के पास पानी से भरे टब में डूबने से तीन वर्षीय वैष्णवी कुमारी की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बच्ची काफी देर तक दिखाई नहीं देने पर उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान उसका शव पानी से भरे टब से बरामद किया गया।पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित