सुपौल , मई 27 -- बिहार के सुपौल जिले के ललित ग्राम रेलवे परिक्षेत्र में पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-फारबिसगंज रेलखंड पर बुधवार को आधुनिक वाशिंग पिट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास समारोह में सांसद दिलेश्वर कामत ने कहा कि इस रेलखंड में वाशिंग पिट की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि वाशिंग पिट नहीं होने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में बाधाएं आती थीं, लेकिन इसके निर्माण के बाद इस क्षेत्र से देश के विभिन्न महत्वपूर्ण शहरों के लिए नई रेलगाड़ियों के परिचालन का रास्ता साफ होगा।
सांसद ने कहा कि इस परियोजना से कोसी-मिथिला क्षेत्र में रेल विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह बब्लू ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपायी ने कोसी-मिथिला क्षेत्र में रेल विकास का जो सपना देखा था, वह अब धीरे-धीरे साकार हो रहा है।
समारोह में सहायक डीआरएम संजय सिंह ने बताया कि आधुनिक वाशिंग पिट के निर्माण पर लगभग 31 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में रेल परिचालन सुविधाएं और अधिक मजबूत होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित