सुपौल , मार्च 16 -- बिहार में सुपौल जिले के कुनौली थाना क्षेत्र से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 56 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
एसएसबी 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने सोमवार को बताया कि सीमा चौकी कुनौली के जिम्मेवारी क्षेत्र अंतर्गत सीमा स्तम्भ संख्या 219/30 के समीप मादक पदार्थ की तस्करी किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्राप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी कुनौली के कार्मिकों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पेट्रोलिंग पार्टी का गठन किया गया तथा संदिग्ध स्थान की सघन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान धरारा पलार (बीपी संख्या 219/30 के समीप) जमीन में दबे तीन बोरे बरामद किए गए। जब इन बोरों को खोलकर देखा गया तो उनमें से तीन पैकेटों में रखा 56 किलोग्राम गांजा पाया गया।
श्री शर्मा ने बताया कि बरामद गांजा को कुनौली थाने को सुपुर्द कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित