सुपौल , मार्च 03 -- बिहार में सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक ट्रक पर लदी 548 कार्टन विदेशी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने मंगलवार को बताया कि पटना मद्य निषेध विभाग से मिली सूचना के आधार पर किशनपुर थाना क्षेत्र में कोसी महासेतु के समीप राष्ट्रीय उच्चपथ संख्या 27 पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया था।इस दौरान एक ट्रक को रोक कर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान ट्रक से 548 कार्टन में रखी 4785.465 लीटर विदेशी बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान मोहम्मद मोकिम और मोहम्मद शाहनवाज आलम के रूप में की गयी है। दोनों तस्कर पश्चिमी बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर जिले के दालकोला थाना क्षेत्र के निचितपुर गांव के निवासी हैं। इस मामले में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज करते हुए तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित