सुपौल , फरवरी 15 -- िहार के सुपौल जिले में रविवार को 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर की सीमा चौकी पिपराही ने 105 लीटर नेपाली शराब की जब्त की है। एसएसबी 45वीं वाहिनी के समादेष्टा गौरव सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि तस्करों द्वारा सीमा स्तम्भ संख्या 214/41 के समीप भारत की ओर कोसी नदी के पलार क्षेत्र में रेत के अंदर कुछ बोरी में अवैध सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद सीमा चौकी पिपराही से एक विशेष पेट्रोलिंग पार्टी का गठन कर तत्काल चिन्हित स्थान की ओर रवाना किया गया। निर्दिष्ट स्थल पर पहुँचकर सुरक्षा बल के जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान रेत में गड़ी हुई दो संदिग्ध बोरियाँ बरामद की गईं। बोरियों की जांच करने पर उनमें से कुल 105 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई।

श्री सिंह ने बताया कि बरामद शराब को रतनपुर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित