सुपौल , मई 24 -- बिहार में सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम पर हमला करने के मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि राघोपुर पंचायत के दलित टोला में कुछ लोग शराब का सेवन कर हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची। इस दौरान वहां मौजूद लोगों और पुलिस के बीच बहस हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसी क्रम में लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार और महिला आरक्षी काजल कुमारी घायल हो गईं। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा महिला आरक्षी की राइफल भी छीन ली।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस., बीरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार तथा अन्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घायल पुलिसकर्मियों को राघोपुर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने बताया कि इस मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा छीनी गई राइफल भी बरामद कर ली गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित