सुपौल , मार्च 12 -- बिहार के सुपौल जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार को नशीली दवा की बड़ी खेप बरामद करते हुये एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कोसी महासेतु पार कर नशीली दवाओं की खेप ले जायी जा रही है। सूचना के आधार पर कोसी महासेतु के समीप एनएच-27 पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक पिकअप वैन की तलाशी लेने पर उसमें से प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप की 5120 बोतलें (करीब 512 लीटर) बरामद की गयीं।
पुलिस ने वाहन चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वैशाली जिले के राजापाकड़ थाना क्षेत्र के दलालपुर वार्ड संख्या- 18 निवासी मनोरंजन राय के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित