सुपौल, मार्च 27 -- 5वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में मद्य निषेध कानून के हिसाब से प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 135 लीटर नेपाली शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
45 वीं वाहिनी बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि सीमा चौकी पिपराही क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी होने की संभावना है। इस सूचना के आधार पर सीमा चौकी पिपराही से एक विशेष नाका पार्टी का गठन कर चिन्हित स्थान पर भेजा गया।
जवानों ने वहां पहुंच कर देखा कि स्पर संख्या दो व्यक्ति संदिग्ध चारपहिया वाहन पर नदी की ओर से बोरी लाकर लाद रहे थे। इसके बाद सुरक्षा बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को वाहन सहित हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान व्यक्तियों ने अपना नाम योगेंद्र कुमार, ग्राम कोदली, जिला सुपौल तथा अनर्जित कुमार, ग्राम छतौनी, जिला सुपौल बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 5 प्लास्टिक बोरी में कुल 135 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान बताया कि इस शराब को दहगामा ग्राम निवासी भोला यादव ने लाकर दी थी, जिसे ग्राम लौकहा निवासी अरविंद तक पहुँचने की जिम्मेदारी उन्हें मिली थी।
दोनों गिरफ्तार व्यक्तियों, बरामद शराब एवं जब्त वाहन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत मध्य निषेध विभाग, सिमराही को सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक उप निरीक्षक चंदन सिंह एवं अन्य जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित