सुपौल , फरवरी 06 -- बिहार के सुपौल जिले में शराबबंदी कानून के तहत भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपीपर पंचायत के पैक्स भवन स्थित मतदान केंद्र पर शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार मतदान केंद्र के निरीक्षण पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक युवक को शराब के नशे में धुत होकर हंगामा करते हुये पाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुये युवक दीपक कुमार को हिरासत में लिया।

थाने लाने के बाद ब्रेथ एनालाइजर मशीन से की गई जांच में युवक द्वारा शराब सेवन किये जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक चांदपीपर पंचायत के वार्ड संख्या- 9 का निवासी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित