सुपौल, मार्च 09 -- बिहार में सुपौल के जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी(बीडीओ) कृष्णा कुमारी को कर्तव्यहीनता के आरोप में सोमवार को तत्काल प्रभाव से वर्तमान जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) में योगदान के लिए कहा गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने आगामी 10 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के मद्देनजर सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी कृष्णा कुमारी से सम्पर्क किया, तो मालूम हुआ कि वह बिना किसी अग्रिम सूचना के जिला मुख्यालय से बाहर है। इससे पहले जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को देखते हुए सभी पदाधिकारियों को अपने अपने मुख्यालय में रहने कि आदेश दिए थे।

सूत्रों के अनुसार जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने इसे उनके आदेश का उल्लघंन मानते हुए कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद से मुक्त करते हुए डीआरडीए में सेवा देने का आदेश दिया है।

जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी के रिक्त पद पर तत्काल प्रभाव से छातापुर प्रखंड के ग्रामीण विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार रजक को अतिरिक्त प्रभार लेने का आदेश दिया गया है । उन्होंने कहा कि इस आदेश की प्रतिलिपि सभी संबंधित पदाधिकारियों सहित ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव को भेज दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित