सुपौल , मार्च 02 -- बिहार के सुपौल जिला में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मवेशी तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुये बीरपुर की सीमा चौकी नरपतपट्टी क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान नौ मवेशी (आठ गाय और एक बछड़ा), एक टाटा पिकअप वाहन जब्त करते हुये तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर विशेष पेट्रोलिंग दल गठित किया गया था। दल ने स्पर संख्या 1775 के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें मवेशी पाये गये। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद फयाज, मोहम्मद राजमूल और मोहम्मद शमीबिल्ला बताये, जो सुपौल जिले के निवासी हैं।
मवेशियों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये गये। इसके बाद नियमानुसार मवेशियों, वाहन और आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए फाटक कमलदाह, कुर्साकांटा, अररिया जिला को सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में उप- निरीक्षक नरेश कुमार समेत अन्य जवान भी शामिल थे। एसएसबी ने कहा है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित