बारां , जुलाई 10 -- केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) ने राजस्थान में बारां जिले के सुन्दलक, बारां से व्हाइटफील्ड, बेंगलुरु के लिए एमएस आईटीसी के माल से लदी पहले कंटेनर रेल रैक का शुभारंभ किया।

कंटेनर रैक को कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर सीडब्ल्यूसी जयपुर एवं चंडीगढ़ क्षेत्र के अधिकारी मुकेश यादव, लोकेन्द्र सिंह नरनौलिया, साहिल शर्मा और केंद्रीय भंडार गृह बारां के राजमल मीना, मुकेश कुमार एवं सतीश मीना मौजूद रहे। सीडब्ल्यूसी के अनुसार यह पहल क्षेत्र में रेल आधारित माल परिवहन और आधुनिक परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्राहकों को अधिक विश्वसनीय, दक्ष और किफायती परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी। भविष्य में नियमित कंटेनर रेल रैक संचालन के माध्यम से समयबद्ध एवं लागत प्रभावी परिवहन सेवाएं प्रदान करने की योजना है।

बताया गया कि यह पहल प्रधानमंत्री गति शक्ति अभियान के तहत बहु-माध्यम परिवन नेटवर्क को मजबूत करने, परिवहन लागत कम करने और आपूर्ति श्रंखला की दक्षता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित